सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में सड़क पर नशे की हालत में हंगामा कर रहे एक युवक को समझाने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने के बाद मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, हमले के आरोपी मिठ्ठू कुमार साह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
नशे में सड़क पर कर रहा था हंगामा, समझाने पहुंची थी डायल 112 की टीम
जानकारी के अनुसार, बीती रात डायल 112 की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशे की हालत में सड़क पर गाली-गलौज करते हुए काफी हंगामा कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही युवक ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगा।
मामला बिगड़ता देख डायल 112 की टीम ने इसकी सूचना सिंहवाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे मिठ्ठू कुमार साह को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल
हमले में एसआई दिनेश शर्मा, सिपाही अवनीश कुमार, मनीता कुमारी और रौशन कुमार घायल हुए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां रात से उनका उपचार जारी है।एसआई दिनेश शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें चिकित्सकों की गहन निगरानी में रखा गया है।
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने आरोपी मिठ्ठू कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के दौरान उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के साथ ही उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी, कानूनी कार्रवाई शुरू
इस मामले में डीएसपी सदर-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि हंगामा करने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने की पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी मिठ्ठू कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।