सार
नीट परीक्षा में कथित धांधली के विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज एफआईआर के बाद दरभंगा नगर निगम की डिप्टी मेयर नाजिया हसन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस निगम कार्यालय पहुंची। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही नाजिया हसन पिछले दरवाजे से बाइक पर सवार होकर फरार हो गईं। बाद में उन्होंने कहा कि वह एफआईआर और जेल से डरने वाली नहीं हैं।
बैठक में मौजूद डिप्टी मेयर नाजिया हसन
- फोटो : Amar Ujala
दरभंगा में नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान डंडा लेकर उपद्रव करने के आरोप में दरभंगा नगर निगम की डिप्टी मेयर नाजिया हसन की गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। शनिवार दोपहर नगर निगम की बैठक में डिप्टी मेयर नाजिया हसन मेयर अंजुम आरा और नगर आयुक्त के साथ मंच पर मौजूद थीं। इसी दौरान लहेरियासराय और विश्वविद्यालय थाना की पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने नगर निगम कार्यालय पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही नाजिया हसन पिछले दरवाजे से बाइक पर सवार होकर पुलिस को चकमा देते हुए वहां से निकल गईं। इस तरह पुलिस की गिरफ्तारी की पूरी तैयारी धरी की धरी रह गई और डिप्टी मेयर गिरफ्तारी से बच निकलीं।
हमारे नेता राहुल गांधी बब्बर शेर हैं- डिप्टी मेयर नाजिया हसन
इधर, डिप्टी मेयर नाजिया हसन ने गिरफ्तारी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मैं बब्बर शेर की शेरनी हूं। हमारे नेता राहुल गांधी बब्बर शेर हैं। अगर वह जेल जा सकते हैं, तो नाजिया हसन भी जेल जा सकती है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यह एफआईआर मेरे लिए मेडल के समान है। भाजपा और आरएसएस के लोगों ने मुझे बड़ा नेता बना दिया है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं न तो एफआईआर से डरने वाली हूं और न ही जेल से। मैं बच्चों के हक के लिए सड़क पर उतरी थी। यदि बच्चों के अधिकारों के लिए मां, बहन और बेटी के नाते मुझे जेल भी जाना पड़े, तो वह भी मंजूर है।'
गौरतलब है कि 23 जुलाई को छात्र संगठन द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प तथा पथराव हुआ था। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया था।
ये भी पढ़ें-
नालंदा समेत सात जिलों के लिए बनेगा ईको टूरिज्म मास्टर प्लान, संवरेंगे जंगल; पहाड़ और प्राकृतिक स्थल
इस मामले में दरभंगा पुलिस ने शुक्रवार को लहेरियासराय थाने में डिप्टी मेयर नाजिया हसन सहित 54 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शनिवार को लहेरियासराय और विश्वविद्यालय थाना की पुलिस भारी संख्या में पुलिस बल के साथ डिप्टी मेयर की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इस मामले में अब तक 33 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।