मतदान करके निकलते कांग्रेस उम्मीदवार डॉ मदन मोहन झा
- फोटो : अमर उजाल
बिहार विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा ने दरभंगा के राजेंद्र भवन स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि शिक्षक अच्छी संख्या में मतदान कर रहे हैं। शिक्षक मतदाताओं में मतदान को लेकर पहले से ही उत्साह है और वे बूथों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
'हैट्रिक लगेगी या नहीं, इसका फैसला शिक्षक मतदाता करेंगे'
लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने यानी हैट्रिक लगाने के सवाल पर डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि इसका जवाब शिक्षक और शिक्षिका मतदाताओं से पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में निर्णय लेने का अधिकार मतदाताओं के पास है। वही तय करेंगे कि वे उन्हें कहां देखना चाहते हैं।
डॉ. झा ने कहा कि उनके मतदाता शिक्षक और शिक्षिकाएं ही हैं, इसलिए उनकी जीत या हार का फैसला भी वही करेंगे। उन्होंने कहा, "हम उन लोगों में से नहीं हैं, जो अपनी जीत का खुद दावा करने लगें कि हम काफी मतों से जीत हासिल करने वाले हैं।"
'जीत का दावा करने के बजाय मतदाताओं से पूछिए'
कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि हैट्रिक लगाने को लेकर खुद कोई दावा करने के बजाय मतदाताओं से पूछना चाहिए कि वे उन्हें दोबारा या तीसरी बार चुनना चाहते हैं या नहीं। उनके मुताबिक, मतदाताओं का फैसला ही सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें ही तय करना है कि वह हैट्रिक लगाएंगे या नहीं।
बिहार चुनाव पर बोले- अभी उम्मीदवार की हैसियत से बात कर रहा हूं
बिहार में हो रहे चुनाव को लेकर सवाल पूछे जाने पर डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि फिलहाल वह बिहार की राजनीति या दूसरे चुनावों पर बात नहीं कर रहे हैं। इस समय वह केवल एक उम्मीदवार की हैसियत से अपने चुनाव के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका ध्यान फिलहाल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव और मतदाताओं के फैसले पर है।