दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीएससी नर्सिंग के एक छात्र ने परीक्षा में शामिल नहीं होने देने से नाराज होकर ट्रॉमा सेंटर के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
फाइनल ईयर का छात्र बताया जा रहा है धनंजय पांडेय
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ा छात्र धनंजय पांडेय है, जो मोतिहारी का निवासी तथा डीएमसी नर्सिंग कॉलेज के फाइनल ईयर का छात्र है। बताया जाता है कि वह हॉस्टल से बाहर रहकर पढ़ाई करता है। छात्र का आरोप है कि बुधवार को आयोजित परीक्षा में उसे बैठने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि वह पहले ही माफीनामा जमा कर चुका था।
टावर पर चढ़कर जताया विरोध, कई थानों की पुलिस पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा में शामिल नहीं होने देने से आक्रोशित होकर धनंजय पांडेय ट्रॉमा सेंटर के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने लगा। घटना की सूचना मिलते ही बेंता, कोतवाली, लहेरियासराय, विश्वविद्यालय, यातायात, सदर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया।
'निलंबन के कारण नहीं दे सका परीक्षा'
मौके पर मौजूद नर्सिंग छात्र रमेश ने बताया कि धनंजय फाइनल ईयर का छात्र है। उसने प्राचार्य को माफीनामा भी दिया था, लेकिन उसे दस दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया था। इसी वजह से वह आज की परीक्षा में शामिल नहीं हो सका। रमेश के अनुसार, कॉलेज की प्राचार्य भी मौके पर पहुंचीं और छात्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
तेज धूप में दो घंटे तक टावर पर डटा रहा छात्र
करीब दो घंटे से अधिक समय तक तेज धूप में टावर पर मौजूद छात्र की सुरक्षा को लेकर साथी छात्र और प्रशासन दोनों चिंतित नजर आए। समाचार लिखे जाने तक छात्र को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी थे और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए था।
यह भी पढ़ें:
बिहार में निवेश का धमाका! ₹1628 करोड़ की 36 परियोजनाओं को SIPB की मंजूरी, रोजगार और उद्योग पर जोर
DMCH परिसर में जुटी भीड़, चर्चा का बना विषय
घटना के बाद डीएमसीएच परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा इलाका इस घटना को लेकर चर्चा का केंद्र बना रहा। प्रशासन का कहना है कि छात्र को सुरक्षित नीचे उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है।