मधुबनी जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण का काम आखिरकार शुरू होने जा रहा है। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शहर के विभा भवन में करोड़ों रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मधुबनी सांसद अशोक कुमार यादव, राजद विधायक एवं पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ, विधायक विनोद नारायण झा और हरी भूषण बाचोल भी उपस्थित थे।
मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि डबल इंजन सरकार की विकास रफ्तार ने बिहार को देश में अग्रणी बना दिया है। उन्होंने स्थानीय सांसद और विधायकों के प्रयासों की सराहना की, जिनके माध्यम से मधुबनी जिले के लिए यह कार्य संभव हुआ।
पढे़ं: जेई पंकज ठाकुर और वन अधिकारी चंदन कुमार की तू-तु, मैं-मैं का वीडियो वायरल, इन वजहों से भिड़े
मंत्री ने बताया कि राजनगर से बाबूबरही गुटौना तक 25 किमी लंबी सड़क का निर्माण ₹621.54 लाख की लागत से होगा। इसके अलावा, खजौली से सूकी तक 2.89 किमी सड़क 976.56 लाख की लागत से, औंसी जीरो माइल से कमतौल तक 15.50 किमी सड़क ₹6667.64 लाख की लागत से, आर.के. कॉलेज मेन गेट से किशोरी लाल चौक तक 2.10 किमी सड़क ₹1270.72 लाख की लागत से, और सिंघानिया चौक से स्टेडियम होते हुए श्री हाई स्कूल तक 2.45 किमी लंबी सड़क ₹1752.65 लाख की लागत से बनेगी।
मंत्री ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से यातायात सुगम होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क आसान होगा। यह कदम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रमाण है।