दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के अटहर गांव में लव मैरिज के एक साल बाद कामनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका ने अपने ही गांव के युवक मुकेश मुखिया से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। बाइक न देने पर अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी।
कामनी की मौत के बाद उसका पति और ससुराल के अन्य सदस्य फरार हैं। घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका के भाई रविराज कुमार ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने उनकी बहन की हत्या कर शव को लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। उन्होंने बताया कि बाइक न देने को लेकर ससुरालवालों की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। रविराज ने बताया कि उनकी बहन की शादी एक साल पहले मुकेश मुखिया से हुई थी और उसकी तीन महीने की एक बेटी भी है।
पढे़ं; सीट बंटवारे को लेकर सीपीआई और सीपीआई (एम) ने महागठबंधन पर दबाव बढ़ाया, मांगीं 35 सीटें
मृतका की मां अमीना देवी ने कहा कि मेरी बेटी अपनी मर्जी से घर से भागकर शादी की थी। जब हमने दहेज नहीं दिया तो ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने बार-बार बाइक की मांग की, लेकिन हमने साफ मना कर दिया।” बताया जाता है कि मृतका का पति मुंबई में रहकर मजदूरी करता था।
इस मामले में बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका पिछले छह महीनों से अपने पति को मुंबई साथ ले जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।