डीएलएड परीक्षा के दौरान नकल करने वाले तीन परीक्षार्थियों को निष्कासित किया
- फोटो : Amar Ujala
समस्तीपुर जिला मुख्यालय के काशीपुर स्थित +2 तिरहुत एकेडमी परीक्षा केंद्र पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की डीएलएड (DElEd) फेस-टू-फेस सत्र 2024-26 की परीक्षा के दौरान कदाचार का मामला सामने आया है। सोमवार को आयोजित परीक्षा में तीन परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। वरीय उपसमाहर्ता के औचक निरीक्षण में मामला उजागर होने के बाद केंद्राधीक्षक ने तीनों को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में तीनों को एसडीओ कोर्ट में पेश किया गया, जहां दो-दो हजार रुपये का जुर्माना जमा करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
वरीय उपसमाहर्ता के औचक निरीक्षण में नकल करने का हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार जिले में डीएलएड (फेस-टू-फेस) सत्र 2024-26 की परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर संचालित हो रही है। सोमवार को वरीय उपसमाहर्ता अंजली कुमारी ने तिरहुत एकेडमी परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर केंद्राधीक्षक अशोक कुमार साह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को परीक्षा से निष्कासित कर दिया।
तीनों नकलची नगर थाना के सुपुर्द
निष्कासित परीक्षार्थियों की पहचान नेहा कुमारी, मो. सरफराज अहमद और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। केंद्राधीक्षक अशोक कुमार साह ने नगर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर तीनों को पुलिस के सुपुर्द किया और नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
ये भी पढ़ें-
तेजस्वी यादव अब भी संतुष्ट नहीं, सरकार से न्यायिक जांच की मांग की; सीएम सम्राट पर भी साधा निशाना
एसडीओ कोर्ट ने लगाया दो-दो हजार रुपये का जुर्माना
नगर थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि केंद्राधीक्षक अशोक कुमार साह के आवेदन पर तीनों परीक्षार्थियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर एसडीओ कोर्ट भेजा गया। न्यायालय के आदेश पर प्रत्येक से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना जमा कराया गया, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। वहीं, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने तीनों परीक्षार्थियों को संबंधित परीक्षा से निष्कासित कर दिया है।
कदाचार पर जारी रहेगी प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नकल या किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।