झंझारपुर नगर परिषद वार्ड 14 में एक अजीबोगरीब घटना घटी, जिसमें एक युवक ने अपने ही पत्नी और दो बेटों पर तेजाब फेंक दिया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों को अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान 15 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार की हालत गंभीर बनी, जिसके आधा गर्दन, छाती और दाहिने पेट का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मधुबनी के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायल रेखा देवी (पत्नी) और 12 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार को अनुमंडल अस्पताल में ही उपचार दिया गया।
पढ़ें: गर्दनीबाग में बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, 10 मुख्य और 5 अभ्यास पिचें; जानें खासियत
वार्ड पार्षद रोशन कुमार झा ने बताया कि लालू मुखिया के दो पत्नियां हैं और घटना के समय आपसी विवाद हो रहा था। विवाद के बीच लालू मुखिया ने गुस्से में अपने पुत्र और पत्नी पर घर में रखे तेजाब से हमला कर दिया।
एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि परिजन पुलिस के पास लिखित आवेदन लेकर आए और आपसी समझौते के आधार पर प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। पुलिस अब इस घटना में तेजाब घर में कैसे आया और किसने लाया, इसकी जांच कर रही है।