दरभंगा जिले की निशु कुमारी ने बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में आर्ट्स संकाय में 477 अंक (95.40%) हासिल कर पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया। साधारण परिवार से आने वाली निशु की मां आंगनबाड़ी सेविका हैं और पिता किसान हैं। ननिहाल में रहकर पढ़ाई करने वाली निशु ने अपनी मेहनत और परिवार के सहयोग से यह सफलता हासिल की।
दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बरुआरा गांव में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में आर्ट्स विषय से पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साथ ही उन्होंने जिले में पहला स्थान प्राप्त कर इलाके का नाम रोशन किया है।
विज्ञापन
शानदार अंक और सफलता
सोमवार को इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी होते ही निशु कुमारी ने 477 अंक (95.40 प्रतिशत) हासिल कर पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ा दी। यह खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी और निशु के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। निशु की मां रूबी कुमारी आंगनबाड़ी सेविका के रूप में काम करती हैं, जबकि उनके पिता सुवेश तिवारी खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस मौके पर निशु ने बताया कि उन्होंने गांव में रहकर ही मैट्रिक और इंटर की तैयारी की।
उन्होंने कहा कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके पूरे परिवार के साथ उनके नाना रमेश ठाकुर, नानी नूतन देवी और मामा रमण ठाकुर का पूरा सहयोग रहा है। इसके अलावा उनके पिता, माता और शिक्षक मंजय कुमार का भी उन्हें पूरा मार्गदर्शन मिला। निशु ने कहा कि वह आगे चलकर UPSC और BSC की तैयारी करेंगी और देश व राज्य की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने लक्ष्य को हर हाल में हासिल करेंगी। मालूम हो कि निशु कुमारी का पैतृक घर मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड के जगतपुर गांव (वार्ड संख्या 4) में है। वह अपने ननिहाल बरुआरा गांव में नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई करती हैं।
निशु ने वर्ष 2024 में 10वीं परीक्षा में 477 अंक हासिल कर जिला टॉपर बनी थीं। अब इंटरमीडिएट आर्ट्स परीक्षा में भी उन्होंने 477 अंक लाकर बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर गोविंद कुमार झा, अमर कुमार सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।