इंडो नेपाल सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिले के सभी प्रमुख एवं वैकल्पिक सीमा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच, गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से सटे सभी संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर है। सुरक्षा के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है ताकि किसी भी असामाजिक तत्व का अवैध प्रवेश न हो सके। इसके लिए सभी बॉर्डर चेक पोस्ट और मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
वाहन जांच और गश्त अभियान तेज
पुलिस ने सभी प्रमुख और वैकल्पिक सीमा मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही दिन-रात गश्त बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें।
यह भी पढ़ें:
Bihar: EO विमल कुमार हत्याकांड पर फूटा अधिकारियों का गुस्सा, पत्नी ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
नेपाल की स्थिति पर प्रशासन की नजर
नेपाल में बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मधुबनी पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि एहतियात के तौर पर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी बढ़ाई गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।