समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सोरमारचक गांव में एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान दीपक कुमार महतो के रूप में हुई है। मृतक की साली ज्योति कुमारी ने बताया कि बुधवार दोपहर उनके बहनोई ने नशीला पदार्थ खा लिया था।
जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो उन्हें इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। ज्योति के मुताबिक, दीपक पहले दूध नापने का काम करते थे, लेकिन हाल ही में एक निजी अस्पताल में काम कर रहे थे। उनकी पत्नी पूनम कुमारी भी एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर कार्यरत हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पत्नी के काम को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते दीपक ने यह कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाई
विभूतिपुर थाना अध्यक्ष आनंद कश्यप ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।