बिहार में कोरोना वायरस के के आज 43 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में संक्रमितों की तादाद बढ़कर 1363 हो गई है। 43 नए मामलों में से 37 मामले सोमवार दोपहर तक सामने आए हैं। जबकि इससे पहले छह नए मामले सामने आए थे।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि संक्रमण के छह 43 नए मामलों में मुंगेर में सात, नांलदा में पांच, बेगूसराय में 15, खगड़िया में एक, गोपालगंज में नौ, नवादा में एक, पूर्णिया में एक, सहरसा में तीन और सुपौल में एक मामले शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से छह का आंकड़ा रविवार रात्रि तक का है जो सोमवार सुबह प्राप्त हुआ है । इन सभी रोगियों के संपर्क में आए लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बिहार में कोरोना वायरस से अब तक कुल आठ मरीजों की मौत हो गई है। पटना में दो तथा मुंगेर, रोहतास, पूर्वी चंपारण, वैशाली सीतामढ़ी एवं खगडिया जिले में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।
बिहार में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 164 मामले पटना में आए हैं। इसके बाद मुंगेर में 133, रोहतास में 91, मधुबनी में 69, नालंदा में 73, बक्सर में 62, बेगूसराय में 70, खगडिया में 55, सिवान में 45, बांका में 40, भागलपुर में 38, कैमूर एवं भोजपुर में 36-36, नवादा में 36, गोपालगंज में 41, पूर्णिया में 31, जहानाबाद में 27, पश्चिम चंपारण एवं मुजफ्फरपुर में 25-25, औरंगाबाद में 22, सहरसा में 19, शेखपुरा में 21, पूर्वी चंपारण में 19, कटिहार एवं मधेपुरा में 18-18, दरभंगा में 16, समस्तीपुर एवं सुपौल में 15-15, लखीसराय, जमुई एवं किशनगंज में 14-14, अरवल में 15, वैशाली एवं सारण में 11-11, गया एवं सीतामढ़ी में आठ-आठ तथा अररिया एवं शिवहर में चार-चार मामले सामने आए हैं ।
बिहार में अब तक 48,488 नमूनों की जांच की जा चुकी है और 499 मरीज संक्रमण से ठीक हो गए हैं।