कोरोना संकट के बीच बिहार में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले ही आरजेडी के राजनीतिक सलाहकार संजय यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संजय के कोरोना संक्रमित होने के कारण तेजस्वी यादव ने भी खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है।
बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पिछले काफी वक्त से रांची के रिम्स में भर्ती है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इस दौरान लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने ही पार्टी की कमान संभाली हुई है। तेजस्वी यादव लगातार लोगों के बीच भी जा रहे हैं और बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा भी कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों समेत अन्य मुद्दों को लेकर नीतीश सरकार पर हमलावर भी हैं।
राज्य में कोरोना संक्रमितों की स्थिति
बिहार में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। बिहार में अब तक कोरोना वायरस के 1.28 लाख से ज्यादा संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही 650 से ज्यादा लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हो चुकी है। वहीं,अब तक 1.09 लाख कोरोना मरीज इलाज के बाद संक्रमण से उबर चुके हैं।