बॉलिवुड गायिका कनिका कपूर (फाइल फोटो)
- फोटो : Instagram
बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के खिलाफ शनिवार को बिहार की एक अदालत में एक आपराधिक शिकायत दायर की गई है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लोक सेवक द्वारा जारी किए गए आदेश की उपेक्षा की।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र की अदालत के समक्ष अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा की ओर से यह शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कपूर ने इस तथ्य को छिपाया कि वह कोरोनोवायरस से संक्रमित थीं। इस मामले में 31 मार्च को सुनवाई होगी।
कनिका की पार्टी में शामिल हुए थे यूपी के मंत्री
बता दें कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गायिका कनिका कपूर ने एक पार्टी दी थी। इसमें यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी शामिल हुए थे। हालांकि मंत्री सिंह समेत 45 अन्य लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
मंत्री जय प्रताप सिंह के पूरे परिवार के शनिवार को सैंपल लिए गए। फिलहाल उन्होंने अपने आप को घर में एकांतवास में रखा हुआ है। आपको बता दें कि प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह प्रदेश में कोराना वायरस संक्रमण इमरजेंसी के बावजूद बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की मौजूदगी वाली पार्टी में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया था।
यही नहीं इसके बाद वह सरकार के कई कार्यक्रमों में भी शामिल हुए, जिसमें मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री व अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पूरी तरह से कोरोना वायरस संक्रमण को नियंत्रण के लिए जारी प्रोटोकॉल के बारे में भी बताया जा रहा था। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं लगातार भीड़-भाड़ से बचने की सलाह दे रहे थे।
चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह 14 मार्च को परिवार सहित डालीबाग कॉलोनी में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस पार्टी में कई वीवीआईपी भी शामिल थे। उनके साथ पत्नी और दो बच्चे भी थे। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं इसे स्वीकार किया है और पूरे परिवार को घर पर ही एकांतवास में रखा है।