कब्जा हटाकर वीरचंद पटेल पथ पर लगाए गए ताजा गमले
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को उखाड़ फेंकने के एलान के लिए 23 जून को पटना में देशभर से भाजपा विरोधी दल जुट रहे हैं। बैठक के लिए फिलहाल पटना की सड़कों पर कब्जा करने वाले लोगों को गायब कर उनकी जगह हरियाली वाले ताजा-ताजा गमले सजा दिए गए हैं। बिहार विधानसभा के बिल्कुल पास यारपुर-मीठापुर पर बजबजाता कब्जे को छोड़ दें तो पटना की बाकी मुख्य सड़कों से कब्जा हट गया है।
बुधवार सुबह तक इस सड़क के एक तरफ अस्थायी आशियाने थे, दूसरी तरफ दुकानें।
- फोटो : अमर उजाला
होर्डिंग-बोर्ड से मेहमानों का स्वागत पूरे पटना की सड़कों पर हो रहा है। एयरपोर्ट से राजकीय अतिथिशाला, सीएम आवास से वीरचंद पटेल पथ, इनकम टैक्स, डाकबंगला होकर गांधी मैदान तक ऐसी सजावट देखते ही बन रही है।
अतिथिशाला के सामने लगा यह पोस्टर।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय अतिथिशाला के ठीक सामने और मेन गेट के बगल में विपक्षी एकता की बैठक को लेकर यह पोस्टर लगाया गया है। इसमें एक ओर राहुल गांधी तो दूसरी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर है। इसमें भाजपा भगाओ देश बचाओ का नारा लिखा हुआ है। यह पोस्टर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से लगाई गई है।
आयकर गोलबंर पर बिहार सरकार की ओर से लगाया गया पोस्टर।
- फोटो : अमर उजाला
यह पोस्टर आयकर गोलबंर पर बिहार सरकार की ओर से लगाए गए हैं। दरअसल, 22 और 23 को L 20 की बैठक आयोजित है। इसको लेकर भी पटना में कई जगह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर लगाए गए हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पटना पहुंच चुकी हैं। वहीं गुरुवार दोपहर से शाम तक बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, भाकपा के महासचिव डी राजा पटना पहुंचेंगे। सभी मुख्यमंत्री आवास के पास मौजूद राजकीय अतिथिशाला में रुकेंगे। कांग्रेस के राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, वेणुगोपाल, एनसीपी के शरद पवार, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेशनल कांफ्रेंस के प्रधान फारूख अब्दुल्ला, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, भाकपा महासचिव सीताराम येचुरी समेत कई विपक्षी नेता 23 जून को पटना आएंगे। कुछ देर विश्राम के बाद सीधे महाबैठक में शामिल होंगे।