सीवान में मौत पर बिलखते परिजन और बाएं मृतक का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
सीवान में गुरुवार की सुबह अच्छी नहीं रही। गुठनी में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी फैली और कुछ ही देर बाद अब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बथुलही में एक मुर्गा दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या की बात सामने आने के बाद हंगामा शुरू हो गया है। मुर्गा दुकानदार की मौत की खबर के बाद दो गुटों में संघर्ष से स्थिति तनावपूर्ण है। ग्रामीणों से सड़क जाम कर दी थी। मुर्गा दुकानदार अलाउद्दीन की मौत के बाद तनाव की संवेदनशील सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बथुलही में कैंप कर रही है। स्थानीय थाने की पुलिस स्थिति को संभालने की कोशिश में लगी है।
सरसों खेत के बटाईदार पर था चोरी का आरोप
बथुलही गांव निवासी अलाउद्दीन मियां गांव के ही रघुनाथ यादव, इकबाल यादव, विक्की यादव का खेत बटाईदार के रूप में जुताई करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि खेत के मालिक ने जबरन सरसों खेत से बिना हिस्सा लगाए ही उठा लिया था। इसी विवाद के बाद बटाईदार अलाउद्दीन मियां पर सरसों चोरी का आरोप भी लगाया था। एक दिन पहले जब विवाद हुआ तो गांव वालों ने पंचायती कर बात सुलझाने कहा। गुरुवार को पंचायती बुलाई गई थी। आरोप है कि सुबह पंचायती के लिए एक-दो लोग अलाउद्दीन मियां के दरवाजे पर पहुंचे थे, तभी रघुनाथ यादव, इकबाल यादव और विक्की यादव ने उनके सामने ही लाठी-डंडे से इतना पीटा कि मौत हो गई।
तीन थानों की पुलिस कैंप कर रही, ताकि इसे और कोई रंग नहीं दिया जा सके।
- फोटो : अमर उजाला
बीचबचाव के दौरान छेड़खानी का भी आरोप
पिटाई के दौरान बीचबचाव में उतरी महिलाओं से भी अभद्र व्यवहार किया गया। महिलाओं के अनुसार, छेड़खानी भी की गई। अलाउद्दीन की मौत हो जाने के बाद तीनों फरार हो गए। मृतक अलाउद्दीन मियां की पत्नी एवं बेटी रुखसाना खातुन ने बताया कि बटइया पर हमलोग खेत जुताई करते हैं। एक तो सरसों नहीं दिया, उसपर चोरी का आरोप लगा दिया। कल के हंगामे के कारण डर से रात में किसी ने खाना नहीं बनाया-खाया। आज पंचायत से पहले अब्बा को पीटकर मार डाला। पीट-पीटकर हत्या के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
मुआवजा नहीं, जमीन बंदोबस्ती का निर्देश
शव को सड़क पर रख कर प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की ग्रामीण मांग कर रहे थे। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अधिकारियों के साथ तीन थाने की पुलिस कैंप कर रही है, ताकि इसे कोई और रंग नहीं दिया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम राम बाबू बैठा ने बताया कि एक व्यक्ति की तीन लोगों ने पीटकर हत्या की है और गवाहों के बयान के आधार पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतक का परिवार बहुत ही गरीब है, लेकिन ऐसे केस में मुआवजा का प्रावधा नहीं है। जमीन की बंदोबस्ती का निर्देश दिया गया है।