बिहार के गोपालगंज में एनएच-28 पर ट्रैक्टर व फॉर्च्यूनर गाड़ी में टक्कर हो गई। जिसके बाद कार सवार लोगों ने ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर सहित जिंदा जला दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। घटना बरौली थाना के देवापुर स्थित एनएच 28 की है।
साइड लेने के दौरान ट्रैक्टर फॉर्च्यूनर गाड़ी से भिड़ गया था, जिससे कार में स्क्रैच पड़ गया था। इस दौरान नाराज कार सवार युवकों ने पहले तो ट्रैक्टर चालक की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे गाड़ी की ही सीट में बांधकर जिंदा जला दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मृतक युवक भीम पुरवा गांव का रहने वाला मनीष कुमार था।
19 वर्षीय मनीष सासमुसा चीनी मिल से गन्ना गिराकर शनिवार को तड़के अपने गांव वापस लौट रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से आ रही फॉर्च्यूनर से उसके ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई थी। मनीष कुमार सिंह के भाई राहुल कुमार सिंह ने बताया कि उसका भाई बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसके ऊपर तेल छिड़क कर उसे जिंदा जला दिया गया।