फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सात फेरे लेने के बाद सलामी में फंसा मामला, रुपये नहीं गिन पाया दूल्हा; दुल्हन ने विदाई से किया इनकार

Sat, 28 Nov 2026 03:16 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण

सार

सारण के मढ़ौरा में शादी के अगले दिन सलामी में मिले रुपये गिनने के दौरान दूल्हे से बार-बार गलती हुई। इस पर दुल्हन ने उसकी योग्यता पर सवाल उठाते हुए विदाई से इनकार कर दिया। पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में समझौते के बाद बारात लौट गई।

 

विज्ञापन
भारतीय मुद्रा - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं। दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प भी ले चुके थे। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था, लेकिन अगली सुबह एक रस्म के दौरान ऐसा विवाद हुआ कि शादी टूट गई। सलामी में मिले रुपये गिनने के दौरान दूल्हे से बार-बार गलती हुई तो दुल्हन ने उसकी योग्यता पर सवाल उठाते हुए विदाई से इनकार कर दिया। आखिरकार पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।

यह मामला सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की बारात शिवरात मांझी के घर पहुंची थी। द्वारपूजा से लेकर विवाह की अन्य रस्में और सात फेरे तक सब कुछ सामान्य तरीके से संपन्न हुआ।

बताया जाता है कि अगली सुबह गांव की महिलाओं ने सलामी के तौर पर दूल्हे को रुपये दिए। इन रुपयों को गिनने की जिम्मेदारी दूल्हे को दी गई, लेकिन कई बार कोशिश करने के बावजूद वह सही रकम नहीं गिन सका। इस पर दुल्हन ने आपत्ति जताई। उसका कहना था कि जब दूल्हा रुपये गिनने में ही सक्षम नहीं है तो आगे चलकर घर-परिवार की जिम्मेदारियां कैसे संभालेगा।

विदाई से किया इनकार, शुरू हुआ विवाद

दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दुल्हन ने साफ तौर पर ससुराल जाने से मना कर दिया। इसके बाद शादी में दिए गए उपहार और अन्य सामान की वापसी को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हो गई।

मामले की सूचना मिलने पर डायल 112 और मढ़ौरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय सरपंच और पंचों ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने का प्रयास किया। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई। इसके बाद वर पक्ष को दिए गए उपहार और अन्य सामान वापस कर दिए गए।

समझौते के बाद शादी खत्म, बिना दुल्हन लौटी बारात

समझौते के बाद दोनों पक्षों ने शादी समाप्त करने पर सहमति जताई। इस तरह सात फेरे लेने के बाद भी दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। दूल्हे राहुल कुमार को आखिरकार बिना दुल्हन के ही बारात लेकर अपने गांव लौटना पड़ा।

घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी से पहले वर-वधू की शिक्षा, योग्यता और अन्य जानकारियों की पड़ताल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, रुपये गिनने में हुई चूक से किसी व्यक्ति की संपूर्ण योग्यता का आकलन नहीं किया जा सकता, लेकिन इस मामले में यही बात वैवाहिक विवाद की बड़ी वजह बन गई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें