Bihar News: बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार ने कहा कि कई लोग परीक्षा को आसान बता रहे थे। मजाक उड़ा रहे थे। लेकिन, जब कुछ आंकड़े सामने आए तो हमलोग भी हैरान रह गए। 70वीं पीटी परीक्षा में 120 नंबर लाने वाला मात्र एक अभ्यर्थी है।
बिहार के अधिकांश बेरोजगार युवाओं का सपना सरकारी नौकरी पाना है। लाखों युवा इसे पाने के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं। इन परीक्षा में सबसे ज्यादा क्रेज बिहार लोक सेवा आयोग के एग्जाम का है। 13 दिसंबर को बीपीएससी ने 70वीं प्रारंभिक परीक्षा लिया। परीक्षा के बाद काफी विवाद हुआ। कई लोग बीपीएससी के प्रश्न पर भी सवाल उठाने लगे। कहने लगे कि प्रश्न काफी आसान पूछे गए। कुछ लोगों ने तो यह तक कह दिया कि इतने आसान प्रश्न ग्रुप डी स्तर की नौकरी के लिए आयोजित परीक्षा में भी पूछे नहीं जाते। लेकिन, जब बीपीएससी ने परीक्षा का परिणाम जारी करने के बाद कुछ खुलासे किए तो वह चौंकाने वाले थे।
विज्ञापन
इन सवालों को लेकर बीपीएससी की कार्यशैली पर सवाल उठाया
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार ने कहा कि कई लोग परीक्षा को आसान बता रहे थे। मजाक उड़ा रहे थे। लेकिन, जब डाटा सामने आए तो हमलोग भी हैरान रह गए। चौंकाने वाली बात यह है कि एक लाख 70 हजार अभ्यर्थी महिला विधायक और इंटरनेशनल अवार्ड जीतने वाली शूटर श्रेयसी सिंह से जुड़े सवाल का जवाब तक नहीं दे पाए। इतना ही नहीं विष्णु पद मंदिर से जुड़े सवाल पर डेढ़ लाख और पटना साहिब स्थित हरमंदिर साहिब से जुड़े सवाल पर 50503 अभ्यर्थियों ने गलत जवाब दिया। 13 दिसंबर को परीक्षा के बाद कई लोगों ने इन सवालों को लेकर बीपीएससी की कार्यशैली पर सवाल उठाया।
100 से अधिक नंबर लाने वालों की संख्या भी मात्र 1180
इस परीक्षा में 120 नंबर लाने वाला मात्र एक अभ्यर्थी है। इतना ही 1409 अभ्यर्थियों का नंबर निगेटिव है। यानी इनका नंबर माइनस में आया है। इतना ही नहीं 100 से अधिक नंबर लाने वालों की संख्या भी मात्र 1180 है। इसके अलावा 4001 अभ्यर्थियों ने तो अपना रोल नबर तक नहीं भरा है। चौंकाने वाला आंकड़ा यह है कि 3,28,990 अभ्यर्थियों में से करीब 203358 से अधिक अभ्यर्थी आवश्यक न्यूनतम अहर्तांक भी प्राप्त नहीं कर सके। आयोग ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने प्रश्न-पत्र की गुणवत्ता को सनसनीखेज रूप से निम्नतर बताकर घड़ियाली आंसू बहाये थे, उन्हें यह जानकर निराशा होगी कि करीब 1,70,000 अभ्यर्थी कथित 'सरल' प्रश्न-पत्र में 30 प्रतिशत मार्क्स लाने में भी सफल नहीं हुए हैं!