फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बीपीएससी की संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी को प्रस्तावित, नया संशोधित कैलेंडर जारी

Sat, 21 Nov 2026 06:31 AM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अगले साल 17 जनवरी को आयोजित होगी। इसके जरिए 1,189 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग ने संशोधित परीक्षा कैलेंडर में कुल 37 परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम जारी किया है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Magnific
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 72वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन अगले वर्ष 17 जनवरी को कराने का ऐलान किया है। इसके माध्यम से 1,189 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। आयोग ने अपने संशोधित परीक्षा कैलेंडर में यह प्रावधान किया है। कैलेंडर में कुल 37 परीक्षाओं का विवरण शामिल किया है। आयोग स्पष्ट किया है कि इसमें उल्लिखित सभी तिथियां संभावित हैं और अभ्यर्थी विस्तृत विवरण देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।
विज्ञापन


मुख्य परीक्षाओं और विज्ञापनों की वर्तमान स्थिति
संशोधित कैलेंडर में 1,298 पदों के लिए होने वाली 71वीं एकीकृत संयुक्त (मुख्य) परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं को भी शामिल किया है। आयोग इस परीक्षा का परिणाम छह नवंबर को घोषित कर चुका है, लेकिन साक्षात्कार की नई तिथि का उल्लेख कैलेंडर में नहीं है। साक्षात्कार के स्थान पर पूर्व निर्धारित 25 से 29 अप्रैल, 2026 की पुरानी तिथि ही दर्ज है, जिस पर पूर्व में इसका आयोजन संभव नहीं हो सका था। साथ ही, चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) का जिक्र भी सूची में है, परंतु आयोग ने अभी इसकी तिथि घोषित नहीं की है।

सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों के लिए होने वाली परीक्षा की तिथि भी फिलहाल तय नहीं हो सकी है। आयोग इस परीक्षा को दो चरणों के बजाय एक ही चरण में करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है, इसलिए उसने भर्ती विज्ञापन का तैयार प्रारूप सहमति के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया है।
विज्ञापन


अदालती आदेश और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया
विभिन्न कानूनी व प्रशासनिक कारणों से कुछ परीक्षाओं की तिथियां लंबित रखी गई हैं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में नए दिशा-निर्देशों का इंतजार होने के कारण 33वीं बिहार न्यायिक सेवा के 173 पदों की प्रारंभिक परीक्षा की तिथि तय नहीं हो पाई है। इसके अतिरिक्त, सहायक अभियंता के 1,024 पदों की संयुक्त परीक्षा के परिणाम पर उच्च न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी है। विशेष शिक्षक के 7,279 पदों की जनवरी 2026 में प्रस्तावित परीक्षा के संदर्भ में आयोग और विभाग के बीच पत्राचार चल रहा है।

तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 539 पदों और विभागाध्यक्ष के 205 पदों के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। साथ ही, पॉलीटेक्निक व इंजीनियरिंग कॉलेजों के प्राचार्यों के पदों के लिए विभागीय विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य जारी है।

स्थगित भर्ती परीक्षाएं और वापस ली गई अधियाचना
आयोग की परीक्षा तालिका से स्पष्ट होता है कि दो महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाओं को संबंधित विभाग द्वारा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इन स्थगित भर्तियों में सहायक राजस्व एवं लेखा पदाधिकारी के 285 पदों पर बहाली और सहायक शहरी कल्याण एवं निबंधन पदाधिकारी के 285 पदों पर होने वाली नियुक्तियां शामिल हैं।

इसके अलावा, राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में सहायक प्राध्यापक के 1,711 पदों के लिए पूर्व में भेजी गई अधियाचना को विभाग ने पूरी तरह वापस ले लिया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा संबंधी विस्तृत अपडेट देखने के लिए वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें