बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका से विवाह न होने की स्थिति में प्रेमिका के घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। अपनी प्रेमिका के द्वारा विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार करने पर उसने यह कदम उठाया। लड़का और लड़की में घरेलू संबंध होने के कारण विवाह को घर से मंजूरी नहीं मिल पा रही थी।
ठाकुरगंज के थाना प्रभारी रामस्वारथ पासवान ने बुधवार को बताया कि धरमगंज निवासी दीप दास मंगलवार को कथित प्रेमिका के घर ठाकुरगंज गया। प्रेमिका और उसके घरवालों द्वारा उसके विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिए जाने के बाद उसने प्रेमिका के घर के ही एक कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों परिवारों में पहले से ही घरेलू संबंध हैं। कथित प्रेमिका मृतक के रिश्ते में मामा की साली बताई जाती है, जिस कारण परिजन इस शादी के लिए राजी नहीं हो पा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मामले की एक प्राथमिकी थाने में दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।