भाजपा के अंदर तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के पीछे अपने नेताओं के बड़बोलेपन को कारण माना ही जा रहा है, लेकिन उसके सहयोगी दलों में भी भाजपाइयों की अनावश्यक विवादित बयानबाजी को लेकर खलबली मचनी शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री व लोजपा नेता रामविलास पासवान ने इस तरफ इशारा भी कर दिया है।
पासवान ने कहा, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) मजबूती से एनडीए के साथ खड़ी है। मैंने हमेशा कहा है कि केवल वही पशु सड़क पर मरता है, जो यह तय नहीं कर पाता कि दाएं जाना है या बाएं। पासवान ने कहा, जहां तक नीतिश (कुमार) की बात है, मैं नहीं समझता कि वह कहीं ओर जाएंगे।
उन्होंने जेडीयू या लोजपा के विपक्ष के साथ नहीं जाने पर जोर देते हुए कहा, विपक्ष में क्या है? लालू यादव जेल में हैं, वह बीमार हैं। अन्य दलों के अपने-अपने राग हैं। ऐसे में कौन विपक्ष की तरफ जाएगा? उन्होंने अमित शाह के इस बयान का समर्थन किया कि बिहार में नीतिश कुमार ही एनडीए गठबंधन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा, लोजपा को इस पर आपत्ति नहीं है।
पासवान से जब यह पूछा गया कि बिहार चुनाव में सीट बंटवारा एनडीए के लिए बाधा हो सकती है तो उन्होंने कहा, सबकुछ सुचारु रूप से हल हो जाएगा। सीट बंटवारे पर कोई मतभेद नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में उनकी पार्टी का भाजपा से गठबंधन नहीं था, लेकिन यदि समझौता होता तो परिणाम इससे ज्यादा बेहतर रहता।