बिहटा रेल जीआरपी क्षेत्र के पाली हॉल्ट के पास मंगलवार को ट्रेन से उतरने के दौरान गिरकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के परेव गांव निवासी तुलसी देवी (पति स्वर्गीय ठाकुर भगत) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, तुलसी देवी पाली हॉल्ट के पास ट्रेन से उतर रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
पढ़ें: पटना में एक बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े AISA-RYA के प्रदर्शनकारी; डाकबंगला चौराहे की ओर आवाजाही प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। महिला की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। बिहटा रेल जीआरपी की थानाध्यक्ष रीना कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की मौत ट्रेन से उतरने के दौरान गिरने से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।