पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में मंगलवार को हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां दीपक कुमार (30), पिता विंध्याचल शर्मा की उसके चाचा ललन शर्मा पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार और उसके चाचा ललन शर्मा के बीच पिछले चार वर्षों से विवाद चल रहा था। ललन शर्मा की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति का अपने ही भतीजे की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध को रोकने के लिए कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उनके पति मानने को तैयार नहीं थे।
पढ़ें: किन विभागों के अफसरों-कर्मियों पर निगरानी की नजर? घूसखोरों के पकड़ाने का खतरा कहां, देखें ट्रेंड
स्थानीय लोगों के अनुसार, ललन शर्मा बिल्डर का काम करते थे। घटना के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के चार खोखे बरामद किए हैं। हत्या के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है। हत्या के वास्तविक कारणों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।