मोबाइल और टॉर्च की रौशनी में घायलों की मदद करते स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली से कामाख्या जा रही नॉर्थ एक्सप्रेस बुधवार की रात बिहार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में अब तक लगभग 70 से 80 लोग घायल हुए हैं। घटना बक्सर जंक्शन से ट्रेन खुलने के कुछ ही देर बाद रघुनाथपुर पूर्वी गुमटी के पास हुआ। बक्सर के डीएम के अनुसार पटना तक के एनएच को खाली कराया गया है। घटनास्थल पर NDRF और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची है। बक्सर डीएम के अनुसार यह घटना लगभग 9 :53 में उस समय हुई जब लोग खाना खाकर अब सोने की तैयारी में थे।
पटना और आरा के डॉक्टरों को किया अलर्ट
बक्सर, भोजपुर और पटना के डीएम ने सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। सभी चिकित्सकों को अलर्ट मूड में रहने को कहा गया है। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर डीएम अंशुल अग्रवाल घटनास्थल पर पहुंच गये। उन्होंने बताया कि इस घटना में अब तक 4 मौत हुई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में अब तक 80 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 15 से 20 लोग ज्यादा गंभीर हैं इसलिए उन घायलों को एम्बुलेंस से पटना एम्स के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आरा और पटना के एम्स, आईजीएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच को अलर्ट कर दिया गया है।
इन जिलों से भेजे जा रहे हैं एम्बुलेंस
बक्सर डीएम अंशुल अग्रवाल ने बताया कि बक्सर, आरा, और पटना से सरकारी और गैर सरकारी एम्बुलेंस मंगवाए गये हैं ताकि किसी भी घायल यात्रियों को इलाज के लिए दिक्कत न हो पाए। घटनास्थल से आरा की दुरी लगभग 55 किलोमीटर है जबकि पटना की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। वहीं बक्सर से बनारस की दूरी लगभग 114 किलोमीटर है।
एनएच को कराया गया खाली
पटना,आरा और बक्सर के डीएम और पुलिस प्रशासन ने घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल तक पहुँचाने के लिए एनएच को खाली कराया है। बक्सर डीएम ने बताया कि कई घायलों को बनारस भी भेजा जा रहा है।