बिहार के कुख्यात हो चुके टॉपर घोटाले में सुर्खियां पाने वाली रूबी राय आखिर तीसरे नोटिस के बाद एसआईटी के सामने पेश हुई। इस दौरान टीम ने उससे तीन घंटे तक लंबी पूछताछ की। पुलिस के सामने रूबी ने कई खुलासे किए।
उसने बताया कि वह तो केवल पास होना चाहती थी लेकिन बच्चा चाचा ने उसे टॉप करा दिया। एसआईटी के सामने रूबी ने बड़ी मासूमियत से कहा साहब हम रोज स्कूल गए थे और परीक्षा भी दिए हैं, हमें कम से कम सेंकेंड डिविजन से ही पास करवा दीजिए। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट के सामने पेश किया गया जहां से उसे बेऊर जेल भेज दिया गया। वहां उसे घोटाले की ही एक अन्य आरोपी लालकेश्वर सिंह की पत्नी और पूर्व जेडीयू विधायक उषा सिंह के साथ रखा गया है।
जानकारी के अनुसार रूबी राय से एसआईटी ने रविवार दोपहर पूछताछ शुरू की। टीम ने पहला सवाल यही दागा कि तुम टॉपर कैसे बनी। इस पर रूबी ने मासूमियत से जवाब दिया कि "पता नहीं, मैं तो अपनी मेहनत से पास हुई हूं। परीक्षा भी दी थी और रोज स्कूल भी गई।"
घरवालों के बारे में पूछा तो बताया कि "उसकी मां शिक्षिका हैं और बच्चा राय हमारी ही बिरादरी के हैं इसलिए घर आते जाते हैं। परीक्षा के दौरान पापा ने उनसे हमारा ध्यान रखने को कहा था, मैं तो बस सेकेंड डिविजन से पास होना चाहती थी लेकिन बच्चा चाचा ने टॉप ही करा दिया।"