बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा में एक लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दो आरोपितों को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली कि चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा में एक लड़की के साथ दो व्यक्तियों ने दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के घरों पर छापेमारी शुरू की।
पढ़ें: पीएम मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी: एनडीए के नेता मल्लिकार्जुन पर हमलावर, नड्डा-शिवराज से लेकर चिराग ने घेरा
तीन आरोपितों पर कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान समशेर पासवान और मोहित पासवान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, धुनु पासवान ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आत्मसमर्पण कर दिया। गिरफ्तार आरोपितों में समशेर पासवान, पिता हरेंद्र पासवान; मोहित पासवान, पिता दिनदयाल पासवान; और धुनु पासवान, पिता राजेश पासवान शामिल हैं। तीनों लक्ष्मण डेरा के निवासी बताए गए हैं। इस मामले में चक्की थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1), 351(2) और 352 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी टीम में अंचल निरीक्षक ओम प्रकाश, चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।