मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक परिजनों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जानकारी के अनुसार 25 जनवरी को लड़की अपने चाचा के साथ स्नातक की परीक्षा देने मधेपुरा गई थी। परीक्षा देकर लौटने के दौरान नहर के पास कुछ युवकों ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसमें स्पष्ट दिख रहा है कि लड़की के साथ कुछ मनचले अभद्रता कर रहे हैं। लड़की छोड़ देने की गुहार लगा रही है लेकिन कोई उसकी नहीं सुन रहा। इसके बाद मनचलों ने वीडियो को वायरल कर दिया। इस घटना के बाद लड़की काफी आहत हो गई। इसके बाद 26 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
ग्रामीण बोले - चापाकल पर गिरने से हुई मौत
ग्रामीण मो. वसी ने पुलिस को बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि लड़की की तबीयत नहाने के दौरान अचानक बिगड़ गई। चापाकल पर नहाते समय वह चक्कर खाकर गिर पड़ी और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। रविवार शाम चार बजे लड़की को दफना दिया गया। उन्होंने वायरल वीडियो के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी बोले- वीडियो वायरल करने वाले होगी कड़ी कार्रवाई
मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बयान जारी कर कहा कि जांच का आदेश सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक को दिया गया है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लड़की के पिता सऊदी अरब में काम करते हैं और परिजनों ने इस घटना को लेकर अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो बनाने और वायरल करने वालों की तलाश कर रही है। स्थानीय ग्रामीण इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संवेदनशील मामले में जल्दबाजी में निष्कर्ष पर न पहुंचे और जांच में सहयोग करें। पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। म