बिहार की ग्रामीण इलाकों की उन लड़कियों और महिलाओं के लिए एक मोबाइल ऐप विकसित किया गया है, जो यौन उत्पीड़न के खिलाफ सोशल मीडिया तक ज्यादा पहुंच नहीं पाती हैं। ग्रामीण इलाकों की ऐसी महिलाएं व लड़कियां अब बंधन ऐप के माध्यम से अपनी चुप्पी तोड़ेंगी। यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड (यूएनएफपीए) ने बुधवार को पटना में आधिकारिक तौर पर जेंडर अलायंस के सहयोग से तैयार इस ऐप को लॉन्च किया।
प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कार्यकर्ता, एड्स मुक्त दुनिया के सह-निदेशक और कोड ब्लू अभियान की प्रमुख पाउला डोनोवन और प्रसिद्ध वकील इंदिरा जयसिंह की उपस्थिति में इस ऐप का लोकार्पण हुआ। यह ऐप हिंदी में है और बेहद आसानी से किसी भी एंड्रायड मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकता है।
यह ऐप दहेज, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और लैंगिक असमानता के मुद्दों पर लोगों को जागरूक करता है। उल्लेखनीय है कि पटना स्थित जेंडर अलायंस ने सितंबर महीने में ही प्रयोग के तौर पर बंधन तोड़ एंड्रायड मोबाइल ऐप शुरू किया था।