मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए स्टेट हैंगर, पटना से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। इस दौरान पटना के जिलाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण और अनुश्रवण किया।
मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देशानुसार विभागीय संयुक्त सचिव अविनाश कुमार और जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पढ़ें: आदिवासियों को हक नहीं मिल रहा, इलाज देने में भी सरकार फेल; मुआवजा तक नहीं मिला
जिला प्रशासन, सारण की ओर से आज अतिरिक्त राशन पैकेट की मांग की गई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाया गया है। इसके माध्यम से आवश्यक राशन पैकेट एयर ड्रॉप के लिए भेजे जा रहे हैं।
राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित और आपदा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपदा प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।