बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले वह राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित 'आशीर्वाद यात्रा' कार्यक्रम में शामिल हुईं, जहां महागठबंधन के नेताओं ने बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का दावा किया। बैठक में राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर, भाकपा (माले) के नेता शाहिद समेत महागठबंधन के कई नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने भी राजद प्रत्याशी को अपना समर्थन दोहराते हुए चुनाव में पूरी मजबूती से साथ रहने की बात कही।
इधर, नामांकन के दौरान कांग्रेस के कई स्थानीय नेता मौजूद रहे, लेकिन कोई बड़ा चेहरा कार्यक्रम में नजर नहीं आया। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी शुरू हो गईं और महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठने लगे। इन सवालों पर पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के करीबी और राजद के वरिष्ठ नेता भोला यादव ने सफाई देते हुए कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दलों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद थे और चुनाव समन्वय के साथ लड़ा जाएगा। उनके मुताबिक, यह चुनाव कार्यकर्ताओं और संगठन की ताकत के दम पर जीता जाएगा।
रेखा गुप्ता बोलीं- जनता ने आशीर्वाद दे दिया, जीत तय
नामांकन के बाद रेखा गुप्ता ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और उन्हें पहले ही जनता का आशीर्वाद मिल चुका है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रहा है और सभी सहयोगी दल उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। भाजपा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिक लड़ाई जनता का विश्वास जीतने की है और उन्हें भरोसा है कि इस बार मतदाता नया फैसला देंगे।
रणविजय साहू का दावा- भाजपा हारेगी, महागठबंधन जीतेगा
राजद महासचिव रणविजय साहू ने भी महागठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और इस बार बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है और सभी दल पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में हैं।