DTO vehicle crushed bike riders : सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दुसरे की हालत गंभीर है। घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। लोगों का आरोप था कि डीटीओ की गाड़ी से यह घटना हुई है, इसलिए पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करे।
दरभंगा मुजफ्फरपुर NH27 फोरलेन पर शोभन चौक के पास एक DTO लिखे वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। इस घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। मृतक की पहचान सिमरी निवासी हीरा महतो के पुत्र लाल बाबू महतो (25) के रूप में की गई है, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक सबास निवासी रौशन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल उसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डीटीओ के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए शोभन चौक पर जमा हो गए। लोगों ने दरभंगा मुजफ्फरपुर उच्च पथ के दोनों लेन को जाम कर दिया, जिससे दोनों लेन में सैकड़ो गाड़ियां खड़ी हो गई। दोनों और दो-तीन किलोमीटर तक जाम रहने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई।
विज्ञापन
डीटीओ की गाड़ी ने बाइक में मारी ठोकर
घटना के संबंध में मृतक के पिता हीरा महतो ने बताया कि उसका पुत्र लाल बाबू महतो सिमरी में एक दुकान पर काम करता था। दुकान के काम से ही वह अपने एक सहयोगी के साथ दरभंगा जा रहा था। जैसे ही बाइक से वह शोभन पुल पर पहुंचा, पीछे से एक ट्रक का पीछा करते हुए डीटीओ की गाड़ी आई और बाइक में ठोकर मार दी। बाइक में ठोकर लगते ही बाइक ट्रक के नीचे आ गया, जिससे लालबाबू महतो की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। लाल बाबू महतो चार भाई और दो बहन में बड़ा था। वह दुकान में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
मौत की जानकारी मिलते ही मृतक की मां रेखा देवी बिलखते हुए गिर कर बेहोश हो गई। युवक के मौत की जानकारी पाकर मुखिया दिनेश महतो पूर्व मुखिया भोला पासवान सहित कई पंचायत प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क जाम कर रहे लोग डीटीओ को घटनास्थल पर लाने तक जाम रखने पर अड़े रहे। सिमरी थानाध्यक्ष ने आवेदन मिलते ही डीटीओ के खिलाफ एफआईआर करने का भरोसा दिया और न्याय दिलाने की बात कही। तब जाकर जाम हटाया जा सका। भीड़ में खड़े ग्रामीणों का कहना था कि डीटीओ बराबर इस सड़क पर ट्रक एवं अन्य गाड़ी वालों के साथ बदसलूकी करता रहता है। बड़ी गाड़ी नहीं मिलने पर बाइक वालों को भी डीटीओ के लोग परेशान करते हैं।
विज्ञापन
डीटीओ के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
सिमरी थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घायल युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती करवाया है। आवेदन मिलते ही मामले में डीटीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।