Bihar : स्टेशन पर अचानक चारों तरफ से पुलिस जुट गई। लोग कुछ समझ नहीं पा रहे थे, तभी पुलिस ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद दो महिला समेत तीन लोगों को दबोच लिया। लोग अब भी इस मामले को नहीं समझ पा रहे थे। बाद में पता चला कि मामला नवजात बच्चा चोर गिरोह का है।
राजधानी पटना सिटी में नवजात बच्चा चोर गिरोह का पटना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार महिला, दो पुरुष के पास से लगभग तीन लाख रुपए सहित अपहृत नवजात बच्चा को सकुशल बरामद किया है। इस बात की जानकारी डीएसपी 2 पटना सिटी गौरव कुमार ने दी।
इस मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी 2 पटना सिटी गौरव कुमार ने बताया कि पटना एवं आसपास के इलाकों में नवजात बच्चे के खरीद फरोख्त का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो अस्पताल एवं आसपास के इलाकों में रहकर नवजात बच्चे को चोरी या अपहरण कर दूसरे के हाथों मोटी रकम लेकर बेच दिया करते हैं। पुलिस ने इससे पहले भी फुलवारी शरीफ के आसपास के इलाकों में बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया था। तब पुलिस ने फुलवारी शरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक नर्स को इस मामले में संलिप्तता आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था।
घटना की जानकारी देते हुए पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर गौरव कुमार ने बताया कि 7 मई को एक महिला पूनम देवी ने मालसलामी थाने में अपने नवजात बच्चे के चोरी कर लेने का मामला दर्ज कराया था। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया। पुलिस द्वारा गठित टीम ने लगातार छापेमारी की और 24 घंटे के अंदर अपहृत नवजात बच्चे को बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बताया कि नवजात बच्चा चोर गिरोह के सदस्य अनीता देवी, रेणु कुमारी एवं विजय कुमार पटना साहिब स्टेशन पर नवजात बच्चे को लेकर पटना साहिब स्टेशन पर ट्रेन पकड़ कर दूसरे जगह भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके पास से ₹60 हजार रुपये बरामद किये। पुलिस ने पूछताछ के बाद रेणु कुमारी के मीठापुर स्थित घर से ₹2 लाख बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में कंकड़बाग की एक नर्स शोभा देवी एवं शशि जायसवाल को भी गिरफ्तार किया है।