महिला सहित तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
- फोटो : अमर उजाला
अवैध संबंधों का अंजाम हमेशा भयावह ही होता है। अवैध रिश्तों का एक भयावह परिणाम बिहार में भी सामने आया है, जहां शादी के ठीक 45वें दिन विवाहिता ने अपने फूफा संग मिलकर शूटरो से इस कारण हत्या करा दी क्योकि उसका फूफा से पिछले 15 साल से अफेयर चल रहा था और घरवालों ने उसकी शादी दूसरे युवक से करा दी थी। घटना औरंगाबाद के नबीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव की है। मामले में पुलिस ने मृतक प्रियांशु कुमार सिंह की पत्नी गुंजा सिंह, शूटर को हत्या की सुपारी देनेवाले झारखंड के गढ़वा जिले के कांड़ी थाना क्षेत्र के रामाबांध धुरुआ निवासी जयशंकर चौबे एवं उसी गांव के निवासी उसके सहयोगी मुकेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने गुरूवार को बताया कि पिछले माह 24 जून को नबीनगर थाना क्षेत्र में लेम्बोखाप मोड़ के पास बाइक सवार युवक प्रियांशु कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।मामले में सुसंगत धाराओं के तहत नबीनगर थाना कांड संख्या-205/25 दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होने औरंगाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(एसडीपीओ) सदर-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल(एसआइटी) का गठन किया था।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : पुलिस अभिरक्षा में कैदी की हुई मौत, चोरी के आरोप में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
एसआइटी ने किया हत्याकांड का खुलासा
गठित एसआइटी ने इस जटिल मामले की परतें उधेड़ने में सफलता हासिल करने के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन, आसूचना संकलन, ह्मयूमन इंटेलिजेंस एवं तकनीकी अनुसंधान किया, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने मृतक प्रियांशु कुमार सिंह की पत्नी गुंजा सिंह, शूटर को हत्या की सुपारी देने बाले जयशंकर चौबे एवं मुकेश शर्मा को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा किया गया खुलासा बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस के खुलासे के मुताबिक इस जधन्य वारदात की ‘मास्टरमाइंड’ कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी गुंजा सिंह ही निकली। उसी ने अपने पुराने प्रेम-प्रसंग के चलते शादी के महज 45 दिन बाद ही अपने फूफा जीवन सिंह के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतरवा दिया।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : पटना जंक्शन पर घूम रहा है बच्चा चोरी करने वाला गिरोह, 2 लाख 70 हजार में बेचा था, पुलिस ने दबोचा
मृतक की पत्नी ने किया स्वीकार, 15 साल से चल रहा था फूफा से अफेयर, शादी से खुश नही होने के कारण कराई हत्या
गिरफ्तारी के बाद मृतक की पत्नी गुंजा सिंह ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि घटना के 45 दिन पहले उसकी शादी प्रियांशु के साथ हुआ था, लेकिन वह शादी से खुश नही थी। परिवारवालों ने मर्जी के बगैर उसकी शादी प्रियांशु से कराई थी क्योकि शादी से पहले से ही उसका अपने फुफा जीवन सिंह के साथ 15 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी वजह से उसने अपने फूफा के साथ मिलकर पति की हत्या करने की खूनी साजिश रची। इसके बाद हत्याकांड को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब उसका पति वाराणसी से वापस लौट रहा था। इसके पूर्व पति के वाराणसी जाने और लौटने के सटीक समय की सूचना उसने अपने फूफा को दी। इसके बाद फूफा ने शूटर से बातचीत कर हत्या की योजना बनाई और पति के घर लौटने के दौरान शूटर ने गोली मारकर हत्या कर दी।
गिरफ्तार दो अन्य अभियुक्तों ने शूटर को हत्या को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराया था सिम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार जयशंकर चौबे एवं मुकेश शर्मा ने ही गुंजा के पति प्रियांशु को हत्याकांड को अंजाम देने के लिए सूचना के आदान-प्रदान के लिए शूटर को मोबाईल का सीम उपलब्ध कराया था। मामले में पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शूटर और फूफा को तलाशने में जुटी पुलिस
मामले में पुलिस गुंजा के फूफा जीवन सिंह और हत्या करने वाले शूटर को तलाशने में जुटी है। इसके लिए पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में संलिप्त अन्य सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी जल्द ही सुनिश्चित कर ली जाएगी। मामले को लेकर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।