राष्ट्रीय जनता दल के कोर्ट से मंत्री प्रो. चंद्रशेखर और अपर मुख्य सचिव केके पाठक की तनातनी, शिक्षकों की नियुक्ति आदि की चर्चा थोड़ी थमी तो इनका शिक्षा विभाग दूसरे कारण से चर्चा में आ गया। राज्य के एक जिला शिक्षा पदाधिकारी पर निगरानी की कार्रवाई होना चर्चा में है। शिक्षा विभाग के अफसरों पर अबतक ऐसी कार्रवाई कम देखने को मिली है। सीवान के जिला शिक्षा पदाधिकारी के दफ्तर और सीवान स्थित आवास के साथ पटना में उनके मकान पर निगरानी की टीम जांच पड़ताल कर रही है। सीवान में 14 लाख रुपये नकद बरामद हो चुके हैं। आय से अधिक संपत्ति जुटाने के मामले में यह छापेमारी की जा रही है। डीईओ को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें किसी से बात करने की छूट नहीं दी जा रही है।
बताया जाता है कि शिक्षा पदाधिकारी सीवान मिथिलेश कुमार के आवास पर निगरानी विभाग की टीम ने अचानक उनके आवास एव कार्यालय पहुंच कर छापेमारी शुरू की।इसके बाद से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। निगरानी टीम ने बताया कि दूसरी टीम पटना के बोरिंग रोड के कवि रामन पथ में मिथिलेश कुमार के घर पर भी टीम की छापेमारी कर रही है। सीवान में जिला शिक्षा पदाधिकारी के आवास के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिए गए है। निगरानी विभाग के अधिकारी ने मुख्य दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया है और घर के अंदर छापेमारी की गई।
आवास और कार्यालय से 14 लाख कैश बरामद
अब तक के रेड में निगरानी की टीम को जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश कुमार के आवास और कार्यालय से 14 लाख रुपया बरामद हुआ है। इसको निगरानी ने फ़िलहाल सील कर दिया है। निगरानी के अधिकारी ने बताया कि हमलोग फिलहाल जिला शिक्षा पदाधिकारी को गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।