हाल में ही अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का सुपर स्ट्रक्चर गिर गया था। कुछ दिन बार किशनगंज में भी एक पुल के धंसने की खबर आई। इसकी खूब चर्चा हुई। लोग बिहार सरकार पर सवाल खड़े करने लगे। एक बार फिर लोग बिहार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन इस बार कारण पुल गिरने का नहीं बल्कि पटना समेत कई इलाकों में सड़कों का धंसना है। शुक्रवार को इससे जुड़ी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनमें से कुछ तस्वीरें ऐसी भी दिखी जो कि राजधानी पटना की है। लोगों का कहना है कि नाले की खुदाई और नमामि गंगे परियोजना को लेकर सड़कों की खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद इन गड्ढों को तो भर दिया गया लेकिन इसमें लापरवाही बरती गई।
ओरिएंटल कॉलेज के पास अशोक राज पथ धंस गया, लोग परेशान
इधर, पटना सिटी के पश्चिम दरवाजा इलाको में ओरिएंटल कॉलेज के पास अशोक राज पथ धंस गया है। इस कारण अशोक राजपथ पर वाहनों का परिचालन बाधित है। इस कारण लगातार जाम लग रहा है। स्थनीय लोगों का कहना है कि सड़क पर नाला का निर्माण कार्य कराया गया था। इसके बाद एजेंसी द्वारा सड़क की मरम्मती कर दी गई थी। लेकिन, एजेंसी द्वारा घटिया निर्माण किए जाने से एक साल के अंदर ही सड़क कई जगहों से धंसने लगी है। आलम यह है कि लोगों का सड़क पर चलना दूभर हो गया है।