तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक कुचला
जमुई के चन्द्रमंडीह थाना क्षेत्र के हरअंधी मोड़ के समीप बुधवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, बाइक के पीछे बैठे एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में चकाई पीएचसी लाया गया। वहां युवक की स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया लेकिन देवघर नजदीक रहने के कारण परिजनों द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए देवघर ले जाया गया। मृतक युवक की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के हेठ चकाई निवासी नारायण यादव का 22 वर्षीय पुत्र चुनचुन कुमार के रूप में की गई है।
विवाहिता की हत्या कर लाश को दफनाया
बेतिया में पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को साक्ष्य छुपाने की नीयत से दफनाने के चार दिन बाद बरामद कर लिया है। घटना बगहा पुलिस जिले के नदी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव की है। वहीं मृतका की पहचान भवानीपुर गांव निवासी दिनेश चौधरी की पत्नी मैना देवी (22) के रूप में की गई है। वहीं पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है, और अग्रतार कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद से ससुराल वाले घर छोड़कर फरार है। विवाहिता की शादी 2 वर्ष पहले हुई थी। बताया जाता है कि विवाहिता की हत्या कर उसके शव को घर से दो किलोमीटर दूर ले जाकर जमीन में दफना दिया गया था।
भागलपुर में नदी में डूबने से चार की मौत
भागलपुर में नदी में डूबने से चार लड़कों की मौत हो गई। चारों की उम्र आठ से 12 साल के बीच की है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिननगर पुरैनी की है। बताया जार रहा है कि आज दोपहर एक लड़का स्नान करने के दौरान नदी में डूबने लगा, तभी दूसरे लड़के उसे बचाने की कोशिश की वह भी डूबने लगा। फिर तीसरे ने देखा वह भी नदी में उसे बचाने के लिए कूद पड़ा। जब वह भी नदी में डूबने लगा तो चौथे ने तीनों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी लेकिन किसी को बचा नहीं पाया। वह खुद भी नदी में डूब गया। इस चारों लड़के एक-एक कर नदी में समा गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
गलत चरित्र के कारण हुई थी हत्या
नालंदा के चेरो ओपी अंतर्गत हीराजीत तीनमुहानी के पास 3 मार्च को एक युवक का शव लिंग कटा हुआ पुलिस ने बरामद किया था। मृतक चेरो ओपी अंतर्गत चखामीन गांव निवासी स्व.दिनेश सिंह का (35) वर्षीय पुत्र अभिनव कुमार था। इस मामले में नालंदा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कहा कि रिश्तेदार के साथ अवैध संबंध बनाने के चक्कर में अभिनव की हत्या की गई थी। गलत चरित्र के कारण उसे लिंग काटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
पवन सिंह और ज्योति सिंह नहीं आए कोर्ट
पवन सिंह और ज्योति सिंह तलाक मामले में एक और नई तारीख सिविल कोर्ट द्वारा दी गई। कोर्ट अब 22 मार्च को अगली सुनवाई करेगी। दरअसल बुधवार को पवन सिंह और ज्योति सिंह तलाक मामले यह उम्मीद जताई जा रही थी कि दोनों में आज सुलह हो जायेगा। लेकिन बुधवार को पवन सिंह और ज्योति सिंह दोनों ही कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। जिसपर फैमिली कोर्ट के द्वारा एक नई तारीख दी जाएगी। नई तारीख जारी होने के बाद अगली सुनवाई हो सकेगी।
मुजफ्फरपुर में चार लोगों की मौत
मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने एसयूवी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसमें एसयूवी सवार चार लोगों की मौत हो गई। वहीं नौ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग बारात से लौट रहे थे, एनएच पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्रिकेटर मुकेश कुमार बने गोपालगंज के ब्रांड एंबेसडर
गोपालगंज जिले सदर प्रखंड के काकड़कुंड गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मुकेश कुमार को आगामी लोकसभा चुनाव में गोपालगंज जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले का चुनाव ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इनके साथ ही राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी रामपूजन सहनी को भी शामिल किया गया है।
जदयू के वरीय नेता आज ज्वाइन करेंगे राजद
जनता दल यूनाईटेड के वरीय नेता विजय सहनी आज राजद में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए राजद कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर पार्टी के वरीय नेता मौजदू रहेंगे। बता दें कि विजय सहनी वैशाली लोकसभा क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार रह चुके हैं।
कार्बाइन और पिस्टल के साथ नजर आ रहा है
खगड़िया जिले के सोशल मीडिया में एक फोटो वायरल हुआ है जिसमें एक का सामाजिक तत्व अपने हाथों में कार्बाइन और पिस्टल के साथ नजर आ रहा है। अमर उजाला ने जब इसकी पड़ताल की तो फोटो में दिख रहे शख्स की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर निवासी मुन्ना कुमार झा के पुत्र प्रीतम झा उर्फ प्रेम कुमार झा के रूप में हुई है।
शिक्षक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई
नालंदा में बुधवार को सरकारी स्कूल के शिक्षक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामला दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीसराय चौक के समीप की है। मृतक की पहचान चण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम तीना लोदीपुर गांव निवासी जगन्नाथ पांडे के पुत्र फणीश्वर नाथ पांडे (40) के रूप में की गई। वर्तमान में फणीश्वर नाथ पांडे लहेरी थाना के नाला रोड मोहल्ले में किराए के मकान पर रह रहे थे।