Accident News : अस्पताल में अचानक चीख-पुकार मच गई। लोग दीवार गिरने की बात कह रहे थे। आननफानन में लोग मलबा भी हटाने लगे। किसी तरह तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।
गोपालगंज में अस्पताल की बाउंड्री तोड़ने के दौरान दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक शख्स घायल हो गया। घटना हथुआ थाना क्षेत्र के अनुमंडलीय अस्पताल की है। मृतकों की पहचान हथुआ थाना क्षेत्र के तुरपट्टी निवासी निकेश (28) और बसडीला निवासी संतोष यादव (35) के रूप में की गई है। तीसरे शख्स अरमान अली का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन
पुराने ईंट और कंक्रीट की खरीददारी के लिए आये थे लोग
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि हथुआ का अनुमंडलीय अस्पताल का चहारदीवारी वर्षों से जर्जर था, जिसे तोड़कर नया बनाया जाना था। वहां काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि पुराना जर्जर दीवार तोड़ा जा रहा था। लोगों ने यह भी बताया कि कुछ लोग पुराने ईंट और कंक्रीट की खरीददारी के लिए लोग वहां जुटे थे। दीवार तोड़े जाने के दौरान अचानक पूरा दीवार भरभराकर गिर गया। इससे पहले कि वहां पर जुटे लोग अपनी जान बचाकर भाग पाते, तबतक पुराने ईंट और कंक्रीट खरीदने आये दो लोग के साथ एक अन्य तीसरा शख्स उस मलबे के नीचे दब गये। चूंकि वहां पहले से लोग मौजूद थे, इसलिए राहत का काम भी तुरंत शुरू हो गया। आननफानन में तीनों लोगों को घायल अवस्था में उसी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने निकेश और संतोष यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अरमान अली की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।