घायल का अस्पताल में इलाज कराते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
वैशाली में गाड़ी साइड करने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना काजीपुर थाना क्षेत्र के शहवाजपुर गांव की है।
दो पक्षों में हुई मारपीट
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि भट्ठी चौक जाने वाली मार्ग पर गाड़ी साइड करने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में ले कर इलाज करा रही है। मारपीट के दौरान बम से हमला करने एवं दो राउंड फायरिंग करने का आरोप एक घायल के द्वारा लगायी जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटी है. हालांकि पुलिस बम एवं फायरिंग की बात से इंकार कर रही है।
सड़क पर रोककर मारपीट करने लगे
इस संबंध में पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती घायल काजीपुर थाना क्षेत्र के शहवाजपुर गांव निवासी दीपा पासवान के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बाइक से हरौली जा रहा था। इसी दौरान घर से आधा किलोमीटर दूरी पर आठ दस लोगों ने बाइक को रोक कर मारपीट करने लगे। लोगों का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक बदमाश ने बम से हमला कर दिया। बम फटने से विकास कुमार घायल हो गया। उधर बम फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गये और उनमें से एक बदमाश को पकड़ लिया तथा उसकी पिटाई करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थानाध्यक्ष रुपेश कुमार, एएसआई मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मोके पर पहुंच कर बदमाश विश्वजीत पांडे को लोगों के चंगुल से मुक्त कराकर हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने एक अन्य घायल विकास कुमार का भी पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बम फेंकने की बात से किया इनकार
इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि शहवाजपुर गांव स्थित रैक प्वाइंट पर ट्रैक्टर साइड करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा कर अलग कर दिया था। घटना के बाद विकास अपने दोस्त गोरख सहनी को बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था, इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने मौके से फटे हुए बम का अवशेष भी बरामद किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रुपेश कुमार ने बताया कि शहवाजपुर गांव में गाड़ी साइड करने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों पक्ष के घायल को पुलिस हिरासत में लेकर इलाज करा रही है। एक घायल का इलाज किसी नर्सिंग होम में चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बम से हमला करने की बात गलत बतायी गयी है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।