औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड मुख्यालय में जगतपति चौक के पास शराब के नशे में धुत एक ट्रक चालक ने गोह के पूर्व विधायक डॉ. रणविजय कुमार की कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में सवार लोगों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन पूर्व विधायक के अंगरक्षकों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
इस घटना को लेकर पूर्व विधायक डॉ. रणविजय कुमार ने गोह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में गोह थाना क्षेत्र के बाजार बर्मा गांव निवासी ट्रक चालक नीतीश कुमार को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि जगतपति चौक के पास रफीगंज रोड में वह कार रोक कर सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए कार में टक्कर मार दी। मामले में पुलिस मोटर व्हीकल अधिनियम व शराब अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ कांड दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।