Bihar : निजी क्लिनिक के पास पुलिस की गाड़ी लगी थी। तभी दो स्कॉर्पियो वहां रुकी और कुछ लोग सादे लिबास में गाड़ी से उतर कर दारोगा को पकड़ लिया। कुछ देर के लिए दारोगा को भी कुछ समझ नहीं आया, लेकिन फिर पता चला कि वह निगरानी की गिरफ्त में आ चुका है।
सीवान में निगरानी की टीम ने एक दारोगा को रिश्वत में वाशिंग मशीन और 20 हजार रुपए नगद के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला नगर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड़ का है। आरोपी दारोगा को निगरानी की टीम गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
इस मामले में निगरानी टीम का कहना है कि मंगलवार को नगर थाने के अस्पताल रोड से जिले के असाव थाने के एसआई मिथिलेश कुमार मांझी को रिश्वत में वाशिंग मशीन एवं 20 हजार रुपए नगद के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता असाव थाने के ससराव निवासी चंदन कुमार यादव ने मेरे पट्टीदार से जमीनी विवाद को लेकर मारपीट के मामले में पट्टीदार द्वारा मुझे एवं परिवार के अन्य लोगों को आरोपी बनाया था। उसने बताया कि कांड अनुसंधानकर्ता मिथिलेश कुमार मांझी द्वारा केस से मेरा नाम हटाने एवं डायरी में परिवार के लोगों को मदद करने के लिए वाशिंग मशीन एवं 20 हजार रुपए की डिमांड की गई। उसने बताया कि हमेशा समान एवं पैसे के लिए मिथिलेश कुमार मांझी द्वारा जब दबाव दिया जाने लगा तो उन्होंने निगरानी विभाग में शिकायत की।
मंगलवार को वाशिंग मशीन एवं पैसे लेने के लिए मिथिलेश कुमार मांझी द्वारा अस्पताल रोड बुलाया गया, जहां से निगरानी विभाग के डीएसपी राजन प्रसाद के नेतृत्व में निगरानी की टीम ने एस आई मिथिलेश कुमार मांझी को वाशिंग मशीन एवं 20 हजार रुपए के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की टीम गिरफ्तार कर सीवान परिसदन लायी, जिससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।