जम्मू कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्ट पर हुए हमले के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई है। सशस्त्र सीमा बल द्वारा यह दावा किए जा रहा है कि खुली सीमा पर विशेष नजर रखा गया है। गांव में एसएसबी के खुफिया हैं, जिनके द्वारा समय समय पर सूचना दी जाती है। इधर, बॉर्डर पर चौकसी व निगरानी को पहले और सख्त कर दिया गया है। एसएसबी की 2 बटालियन 20 वीं और 51 वीं कार्यरत है। जो बैरगनिया, सोनबरसा, सुरसंड, कन्हौली, मेजरगंज, फेनहारा व परिहार से लगे नेपाल की खुली सीमा है। 51वीं बटालियन के कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि खुली सीमा चुनौतियों से कम नहीं है, फिर भी एसएसबी पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा कर रही है। वरीय अधिकारी भी समय समय पर आकर इसकी निगरानी कर रहे है। एसएसबी अपने तंत्र के माध्यम से भी खुली सीमा पर विशेष नजर रख रही है।
एक-एक शख्स की हो रही है सघन जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतामढ़ी जिले से सटी भारत-नेपाल की 80 किलोमीटर लंबी खुली हुई सीमा खतरे की घंटी से कम नहीं है। खुली सीमा होने के कारण यहां रोजाना हजारों लोग सीमा पार करते हैं। यह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए एक संवेदनशील बिंदु बन सकता है। इसलिए एसएसबी ने सुरक्षा को देखते हुए सभी बीओपी पर पुख्ता इंतजाम किया है। सभी सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए एसएसबी के जवान हर आने जाने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रहे हैं।
इश्क में सरहदें तोड़ पाकिस्तान से भारत आई तो पकड़ी गई, ढाई साल बाद बिहार की जेल से छूटी तो आफत
दो साल में पकड़े गए इतने विदेशी नागरिक
दो साल के अंदर केवल सीतामढ़ी जिले के पास भारत-नेपाल बॉर्डर से नौ विदेशी नागरिकों को एसएसबी गिरफ्तार कर चुकी है। पिछले साल 2024 में भारतीय क्षेत्र से नेपाल में प्रवेश करने के दौरान भिट्ठा कैंप के एसएसबी जवानों ने अमेरिकन नागरिक क्रिस्टोफर जय चिउ को गिरफ्तार किया गया था। इससे पूर्व सीतामढ़ी जिले में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर उज्बेकिस्तान की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। एक मई 2023 को भारत से नेपाल जाने के क्रम में नाइजीरिया के सिल्वेस्टी नवओदु, आइएमओ निवासी अगस्टीन चिनंदू नवओदु समेत तीन नेपाली नागरिक के साथ पकड़ा गया था। इन तीनों को फर्जी वीजा व पासपोर्ट के चलते चारों को गिरफ्तार किया गया था। 12 जून 2022 को एसएसबी जवानों ने भिट्ठामोड़ बॉर्डर पर भारत से नेपाल जाने के क्रम में दो चीनी युवक को गिरफ्तार किया था। चीन के वुहान प्रांत के क्सिचेंग झेंगजी जहेहुंग चेंगचुन निवासी युवान दओफु के पुत्र युआन हेलोंग (34 वर्ष) व रेनही रोड टोंगेशन निवासी जिनपिंग के पुत्र लू लांग (28 वर्ष) 15 दिन दिल्ली के नोएडा जेपी ग्रीन नामक स्थान पर अपने दोस्त कैरी के यहां रहकर वहां से लौटने के दौरान भिट्ठामोड़ में एसएसबी के हत्थे चढ़ गया था। बीते आठ अगस्त 2022 को एसएसबी ने भिट्ठामोड़ बॉर्डर से ही खादिजा नूर नामक पाकिस्तानी युवती को एक भारतीय व एक नेपाली युवक के साथ गिरफ्तार किया था। खादिजा नूर पाकिस्तान के फैसलाबाद सिटी के हाउस नंबर 13, स्ट्रीट सी ब्लॉक नंबर एक्स, नेइबेरहुम मदीना हाउस निवासी इशाक की पुत्री थी।