बिहार में हो रही अपराधिक घटनाओं पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस प्रशासन के लॉ एंड ऑर्डर पर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने विगत कुछ दिनों से नीतीश कुमार पर यह भी आरोप लगाया कि उनके अधिकारी मुख्यमंत्री का कहना नहीं मानते हैं। ऐसे में अब लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के एक विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक शिक्षक को जेल में जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं। यह राजद विधायक इजहार आसफी हैं, जिनपर शिक्षक को धमकाने का आरोप लगा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सत्ता पक्ष जनता दल यूनाइटेड पार्टी आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रही है।