केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
- फोटो : एएनआई (फाइल)
रेल मंत्री बनने के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अश्विणी वैष्णव आज बिहार आ रहे। वह बेतिया और मुजफ्फरपुर जाएंगे। बेतिया में 103 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित आरओबी (सड़क ऊपरी पुल) का शुभारंभ करेंगे। इस आरओबी के चालू होने से लोगों को रोज लगने वाले छावनी के जाम से निजात तो मिलेगा ही, शहर की रफ्तार भी तेज होगी। यही नहीं, जिले के करीब 45 लाख की आबादी को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी जिला मुख्यालय का डायरेक्ट कनेक्टिविटी होगी।
पश्चिम चंपारण के बाद रेल मंत्री मुजफ्फरपुर जाएंगे। वहां वर्ल्ड क्लास स्टेशन और आरओबी निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। इसके अलावा मुजफ्फरपुर-सगौली रेल खंड के दोहरीकरण कार्य के भी विंडो ट्रेलिंग से जायजा लेंगे। रेल मंत्री के आगमन को लेकर रेल पुलिस अलर्ट मोड पर है।
रेलवे ट्रैक और अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे
बताया जा रहा है कि मंत्री अश्विनी वैष्णव गोरखपुर तक विमान से पहुंचेंगे। इसके बाद वह ट्रेन से बेतिया आएंगे। दोपहर में बेतिया में आरओबी का उद्घाटन किया जाएगा। इधर, रेल मंत्री ट्रेन से यात्रा करते हुए विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलवे ट्रैक और अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद वह पटना पहुंचेंगे और रात नौ बजे विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। इस दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दूबे, बिहार की पशुपालन मंत्री रेणु देवी, भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्ति समारोह में शामिल होंगे।