पटना में पॉलिटेक्निक कॉलेज के स्टाफ की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसकी लाश सरकारी क्वार्टर के अंदर आम के पेड़ से लटका हुआ शव दिखने के बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी मृत्युंजय तिवारी (45) के रूप में की गई है। मृतक पॉलिटेक्निक कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात थे। घटना
पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या दोनों एंगिल से देख रही है।
क्वार्टर के अंदर आम के पेड़ से लटका था शव
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मृत्युंजय तिवारी के घर के सभी सदस्य शादी समारोह में गए थे। घर में कोई नहीं था। शादी में शामिल होने के बाद जब सभी लोग सुबह में घर वापास लौटे तब लोगों ने देखा कि क्वार्टर के अंदर आम के पेड़ से उनका शव लटका हुआ है। यह देखते ही घर में छिख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमोर्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।
हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
घटना के संबंध में आलमगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के स्टाफ की संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संदिग्ध है। परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। यह हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमोर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। परिजन फिलहाल कोई बयान भी नहीं दे रहे हैं। पुलिस फिलहाल अपने स्तर से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।