70 साल का मरीज गुनगुनाने लगा गाना
- फोटो : अमर उजाला
सीवान जिले में ऑपरेशन के दौरान 70 साल के बुजुर्ग का हिंदी गाना गाया जाना चारों ओर चर्चा में है। वीडियो वायरल हो रहा है तो लोग इस गाने को बार-बार सुन रहे हैं। यह वीडियो सीवान सदर अस्पताल का है। यहां एक बुजुर्ग मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराने आए थे। डॉक्टर के कहने पर उन्होंने मोहम्मद रफी का गाया गीत 'बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है' गुनगुनाना शुरू कर दिया। अब इसका वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में बताया जा रहा है, सीवान सदर अस्पताल में बीते मंगलवार को 70 साल के एक बुजुर्ग जिनको आंख में मोतियाबिंद की शिकायत थी और वह ऑपेरशन कराने के लिए आए थे। लेकिन वह काफी डरे और सहमे हुए थे, जब उनकी ऑपरेशन करने की बारी आई तो उन्होंने सारी आप बीती डॉक्टर को बताई और कहा कि मैं बहुत घबरा गया हूं और मुझे डर लग रहा है कि कहीं कुछ अनहोनी न हो जाए। यह सुनते ही ऑपरेशन कर रहे डॉक्टर मुअज्जम अकबर ने उन्हें समझाते हुए कहा, कोई गाना सुनाइए तब शुरू हुआ मरीज का गाना। मरीज का गाना शुरू से खत्म होते-होते डॉक्टर साहब ने सफल ऑपरेशन कर दिया।
डॉक्टर के कहने पर गाया गाना...
मरीज का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर एमए अकबर ने बताया कि नेत्र ज्योति अभियान के तहत निशुल्क ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी के तहत करीब 70 साल के कृपाल प्रसाद का ऑपरेशन होना था। वो जब ओटी में आए तो काफी घबराए हुए थे। फिर मैंने ही उनसे कहा कि बाबा कोई गाना याद है तो सुनाइए। इसके बाद बाबा ने कहा कि उन्हें मोहम्मद रफी का गाना याद है। वही सुनाता हूं, फिर वो गाना सुनाने लगे। मेरे एक स्टाफ ने इनका वीडियो बनाया। फिर मैंने बाद में जब इस वीडियो को देखा तो डॉक्टर ग्रुप में शेयर किया। अब यह वायरल हो गया है।
बुजुर्ग की हिम्मत की दाद दे रहे दर्शक...
ऑपरेशन के दौरान 70 साल के बुजुर्ग के द्वारा गाए गए गाने और उनकी हिम्मत पर लोग वाहवाही कर रहे हैं। दरअसल वीडियो में दिख रहा है कि एक मरीज ऑपरेशन टेबल पर लेटा हुआ है। डॉक्टर अकबर उसकी आंखों का ऑपरेशन कर रहे हैं। उनके साथ ऑपरेशन थिएटर में उनके साथी भी हैं। टेबल पर लेटा मरीज बहारों फूल बरसाओ गाना गा रहा है और यह पूरा वीडियो लोगो को काफी भा रहा है।