बिहार में एक अजीब वाकया सामने आया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। चर्चा की बात यह है कि 9 वर्ष की बच्ची के पेट से लगभग डेढ़ किलो मानव बाल निकला है। यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज की है, जहां बच्ची का ऑपरेशन कर उसके पेट से मानव बाल निकाला गया है।
पेट से निकला डेढ़ किलो का बाल का एक गुच्छा
इस संबंध में परिजनों का कहना है कि एक 9 वर्ष की बच्ची के पेट में लगभग डेढ़ माह से अधिक समय से लगातार पेट में दर्द हो रहा था। शुरूआती समय में दवा दुकान से दवा खरीदकर दे दिया जाता था, लेकिन धीरे-धीरे मामला जटिल होने लगा। मामला गंभीर होने पर परिजनों ने बच्ची को मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में दिखाया। डॉक्टरों ने बच्ची का एक्स-रे किया। एक्स-रे के बाद संदेह होने पर फिर सीटी स्कैन कराया गया, तब जाकर यह स्पष्ट हुआ कि पेट में मानव बाल है। परिजनों ने बच्ची का एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन कराया। ऑपरेशन करके उसके पेट से डॉक्टरों ने बाल निकाला।
इस वजह से खाती थी बाल
इस मामले में मेडिकल कॉलेज के पेडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि एक बच्ची को पेट दर्द की गंभीर शिकायत थी। बच्ची का सीटी स्कैन के दौरान में देखा गया कि उसके पेट में बाल है जिसके बाद से हमारी टीम ने ऑपरेशन किया है। ऑपरेशन बेहद जटिल था उक्त बच्ची में खून की कमी थी, बाद में उसे खून चढ़ाया गया और ढाई घंटे के ऑपरेशन के बाद बच्ची का ऑपरेशन को सफल किया गया। ऑपरेशन के बाद उसके पेट से करीब डेढ़ किलो का बाल का एक गुच्छा निकला।मामले में डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि पिछले 7 वर्ष से वह बाल खा रही थी और यह एक ट्राइकोटिलोमेनिया बीमारी है और यह कई बच्चों में पाया जाता है।