मृतका पुतुल देवी और भतीजा करण राज।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुंगेर घाट पर गंगा स्नान करने के दौरान चाची और भतीजा की डूबने से मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हीपुर स्थित मुंगेर गंगा घाट की है। मृतकों की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सबदलपुर पंचायत अंतर्गत मल्हीपुर गांव के वार्ड- 10 निवासी रुदल रजक पत्नी पुतुल देवी (35) और हरिलाल प्रसाद रजक के पुत्र करण राज (13) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
भतीजा और उसके साथी को बचाने में चाची की गई जान
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया है कि करण राज मुंगेर गंगा घाट पर अपने दोस्तों के साथ देर शाम स्नान करने के लिए गया था। करण कुमार और उसके दोस्त डूबने लगे, तभी वहां पर मौजूद चाची ने अपने जान को जोखिम में डालकर गंगा नदी में कूद गई और दोनों को बचाने की कोशिश करने लगी। इस क्रम में दूसरे युवक की जान बच गई, लेकिन बचाने के क्रम में करण कुमार और उसकी चाची पुतुल देवी नदी में डूब गये, जिससे दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद दोनों का शव बरामद कर लिया गया है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाने की पुलिस पहुंची। फिर स्थानीय गोताखोर को बुलाया गया और फिर ग्रामीणों और गोताखोर की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर पहुंचे साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष ने बताया कि भतीजा कारन राज और उसके साथी को बचाने की कोशिश में पुतुल देवी अपने भतीजे के साथ डूब गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया है।
दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।