पटना में ऐतिहासिक गोलघर से कुछ दूर सबसे पुराने श्मशान बांस घाट के पास शुक्रवार को भीषण आग से अफरातफरी मच गई। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की झुग्गियों से आग फैली और बांस घाट के आसपास की बसावट को अपनी चपेट में ले लिया। अशोक राजपथ पर इस आग से भीषण जाम लग गया। आग में कुछ-कुछ देर पर सिलेंडर फटने की आवाज से लोग घबराए दिखे। फायर स्टेशन से कुछ ही दूरी पर यह आग लगी, लेकिन भीषण गर्मी में इस विकराल आग पर काबू पाने में अग्निशमन दल को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।