किसान की शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के शिवहर जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गरीब किसान की मौत हो गई। कारण सिर्फ इतना था कि बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) की धमकी दी थी। इस कारण किसान को हार्ट अटैक आ गया। किसान की पहचान डुमरी प्रखंड के नया गांव पूर्वी गांव निवासी जीतू राम के रूप में हुई है।
जेई ने धक्का-मुक्की करने का आरोप
परिजनों का कहना है कि जीतू राम के नाम पर केवल महज 4800 रुपये का बकाया था। लेकिन, बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें डेढ़ लाख रुपये का बकाया बताया। कुछ कर्मचारियों ने एक लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि जेई ने जीतू राम को धमकी दी कि चाहे जमीन बेचनी पड़े, तुरंत पैसे जमा करने होंगे। इस दौरान जेई और जीतू राम के बीच बहस हुई। जेई ने धक्का-मुक्की भी की। इस घटना से जीतू राम तनाव में आ गए और मौके पर ही हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई।
कांग्रेस नेता ने की जेई पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीतू राम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह अपने पीछे दो छोटे बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए। वहीं कांग्रेस नेता मोहम्मद असद ने सदर एसडीओ से बात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष नूरी बेगम ने कहा कि अगर प्रशासन बिजली विभाग के आरोपी जेई पर कार्रवाई नहीं करेगी तो वह आंदोलन करेंगे।